
विदिशा जिले के पठारी थाना क्षेत्र में रविवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से जमकर हमला किया। इस दौरान एक पक्ष ने देसी कट्टे से फायरिंग भी की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। झगड़े में कई लोग घायल हुए हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है।
यह विवाद पठारी थाना क्षेत्र के ग्राम दुघावरी चक्क में ठाकुर समाज के दो पक्षों के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच एक जमीन पर मकान निर्माण को लेकर पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा है। रविवार को इसी बात पर दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। झगड़े में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे । संघर्ष का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर हमला करते दिख रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इस झगड़े में महिलाएं और बच्चे तक शामिल दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते और लाठियां चलाते नजर आ रहे हैं।जानकारी के अनुसार, जमीन का यह विवाद पुराना है और इसका मामला सिविल कोर्ट में पहले से विचाराधीन है। इसके बावजूद रविवार को दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए, जिससे विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया।
विवाद की सूचना मिलते ही पठारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर काबू पाया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
