मां ने 19 माह की मासूम बेटी के साथ कुएं में कूदकर दी जान

देवास। विजयगंज मंडी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव हैबतपुरा निवासी 22 वर्षीय उर्मिला पति मनीष कुमावत ने अपनी 19 माह की मासूम बेटी के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।

सूचना मिलते ही विजयगंज मंडी पुलिस और एसडीआरएफ टीम रात में ही मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों मां-बेटी के शवों को कुएं से बाहर निकाला और उन्हें एमजी अस्पताल देवास भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए।

परिजनों के मुताबिक, मृतका उर्मिला की शादी वर्ष 2021 में मनीष कुमावत से हुई थी, जो पेशे से वेल्डर हैं। उर्मिला का मायका बंजारी, महिदपुर के पास बताया गया है।

मृतका के मामा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उर्मिला को उसकी सास द्वारा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि मृतका के मायके पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि दोषियों को सजा मिल सके।

Next Post

जनेकृविवि के डॉ.शर्मा बने कृषि विज्ञान केन्द्रों के संचालक

Sat Oct 4 , 2025
जबलपुर। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, के कुलपति डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा की अनुशंसा पर उद्यानकी के ख्यातिलब्ध प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. टी. आर. शर्मा को मध्य प्रदेश के 26 जिलों में स्थित कृषि विज्ञान केन्द्रों के संचालक का पद संभालने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। आपको कृषि विस्तार के क्षेत्र […]

You May Like