
भुआ बिछिया/मंडला। दुर्गोत्सव विसर्जन की मधुर बेला पर नगर की महिलाएं भक्तिभाव से ओतप्रोत नजर आईं। भुआ दुर्गोत्सव पंडाल में महिला मंडल की 40 से 50 महिलाओं ने लाल-पीले पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर माता रानी के चरणों में चूड़ी, बिंदी, चुनरी, मिठाई और सुहाग सामग्री अर्पित की। भक्ति संगीत और पूजन मंत्रों के बीच सुहागिनों ने माता से अखंड सौभाग्य, दीर्घ आयु और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।पूजन के उपरांत महिलाओं ने एकादशी व्रत कथा श्रवण किया और फलाहार एवं प्रसाद ग्रहण कर व्रत का समापन किया। कार्यक्रम में मनोरमा गोस्वामी, निशा गर्ग, आरती शर्मा, मीना राय, रानी साहू, स्मिता श्रीवास्तव सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। वातावरण में माता जयकारों और भक्ति गीतों की गूंज देर तक बनी रही।इसी तरह आदर्श दुर्गोत्सव समिति जंतीपुर के पंडाल में भी सैकड़ों महिलाओं ने एक समान लाल परिधानों में एकादशी पूजन किया। मातृशक्तियों ने अवसान माता का विधिवत पूजन कर श्रृंगार सामग्री अर्पित की, फल-मिठाई का भोग लगाकर प्रसाद वितरण किया तथा परिवार की मंगलकामना की। श्रद्धा और आस्था के इस आयोजन ने नगर में देवी भक्ति और सुहागिनों की सामूहिक एकता का अनोखा संदेश दिया।
