बांदरी में प्रतिमा तोड़ने के विरोध में तनाव,बंद रहीं दुकानें, फोरलेन पर लगाया जाम

बांदरी। बांदरी में हाट परिसर के पास बाबा साहेब डॉ.भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को तोड़े जाने के विरोध में नगर में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सागर -झांसी फोरलेन व पुराने हाइवे को जाम कर दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घंटों यातायात प्रभावित रहा। विरोध में नगर की सभी दुकानें भी शाम तक बंद रहीं।

शनिवार को जैसे ही प्रतिमा के क्षतिग्रस्त किए जाने की जानकारी लोगों को लगी। नगर में तनाव फैल गया। विरोध में पूरा बाजार बंद रहा। प्रतिमा स्थल के पास एकत्रित हुए लोगों ने प्रतिमा को खंडित करने वाले असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सागर -झांसी नेशनल हाइवे फोरलेन व पुराने हाइवे को जाम कर दिया। जिससे सागर-झांसी फोरलेन पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया । सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और एसडीओपी सचिन परते व टीआई सुमेर सिंह जगेत ने आंदोलनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया। पर बढ़ते तनाव को देखते हुए बांदरी थाना पुलिस के साथ खुरई और आसपास के थानों से अतिरिक्त बल बुलाया गया। चक्काजाम के दौरान मौके पर पहुंचे भीम आर्मी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की और इसे सामाजिक सौहार्द्र के खिलाफ बताया। भीम आर्मी, अहिरवार महासभा, अहिरवार समाज ने प्रशासन को ज्ञापन देकर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई मांग की। ज्ञापन में प्रतिमा स्थल के आसपास सीसीटीव्ही कैमरा चालू करने, नई प्रतिमा स्थापित कराने, बांउंड्रीबॉल बनाने आदि की भी मांग की गई। टीआई सुमेर सिंह जगेत ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस बल की तैनाती से स्थिति नियंत्रित रही। आंदोलन के दौरान बांदरी व आसपास के बड़ी संख्या में अहिरवार समाज के बंधु मौजूद रहे।

Next Post

योजनाओं को बेहतर तरीके से क्रियान्वयन कराना लक्ष्य

Sat Oct 4 , 2025
सिंगरौली। सरकार की जन कल्याण कारी योजनाओं को समय सीमा में बेहतर तरीके से क्रियान्वयन हो और योजनाओं को लाभ पात्र व्यक्तियों को मिले। यही प्राथमिकता एवं लक्ष्य है। उक्त बातें नवागत कलेक्टर गौरव बैनल ने आज दिन शनिवार को सिंगरौली में बतौर कलेक्टर का पदभार ग्रहण करते हुये देर […]

You May Like