गोमा की फेल में 42 कैमरे लगने से अब गलियों पर भी नजर

इंदौर. शहर की सघन बस्तियों में अपराधों पर नजर रखने के लिए अब गलियों तक कैमरों का नेटवर्क पहुंच रहा है. तुकोगंज थाना क्षेत्र की गोमा की फेल में जनसहयोग से 12 स्थानों पर 42 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं. गुरुवार को पुलिस कमिश्नर और विधायक ने इन कैमरों का लोकार्पण किया. कार्यक्रम के बाद दोनों ने क्षेत्र में पहुंचकर कैमरों की व्यवस्था देखी और रहवासियों से चर्चा कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी जानीं.

गोमा की फेल की गलियों में लगाए गए कैमरों की फीड तुकोगंज थाने में भी उपलब्ध रहेगी. कैमरों का संचालन क्षेत्र के रहवासी करेंगे, जबकि पुलिस भी इनके जरिए इलाके की गतिविधियों पर नजर रख सकेगी. इससे संदिग्धों की पहचान करने और वारदातों के बाद आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी. तुकोगंज थाना क्षेत्र में पहले भी जनसहयोग से 82 कैमरे लगाए जा चुके हैं. नए कैमरे लगने के बाद क्षेत्र में इनकी संख्या 124 हो गई है. कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने कहा कि शहर की सुरक्षा में आमजन की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। नागरिक, जनप्रतिनिधि और व्यापारी मिलकर कैमरे लगाने की पहल कर रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं. अब तक शहर में जनसहयोग से 646 स्थानों पर 1,926 कैमरे लगाए जा चुके हैं. इन पर करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपए खर्च हुए हैं. उन्होंने कहा कि कैमरे अपराधों की रोकथाम में मददगार होने के साथ नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ाते हैं. लोकार्पण के बाद पुलिस कमिश्नर और विधायक गोमा की फेल पहुंचे, यहां कैमरों का अवलोकन करने के साथ रहवासियों से संवाद किया. मोहल्ला समिति बैठकों के जरिए पुलिस लगातार लोगों के बीच पहुंच रही है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में नागरिकों का सहयोग बढ़ाया जा सके. विधायक महेंद्र हार्डिया ने भी पुलिस की पहल की सराहना करते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जनता की ओर से सहयोग जारी रखने की बात कही.

Next Post

मंदसौर में नारकोटिक्स विंग की तीन कार्रवाई, डेढ़ क्विंटल डोडाचूरा जब्त

Thu Nov 19 , 2026
इंदौर. नारकोटिक्स विंग की टीमों ने मंदसौर जिले में बुधवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ क्विंटल डोडाचूरा, दो किलो अफीम और 43 ग्राम एमडी जब्त की है. तीनों मामलों में एक-एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. एक कार्रवाई में तस्कर ब्रेजा कार से डोडाचूरा की […]

You May Like