कांग्रेस का आरोप राज्य में अमानक दवाएं खरीदी जा रही

रायपुर, 15 अक्टूबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य में कथित अमानक दवाओं के मामले में भाजपा सरकार की कथित लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दवा के नाम पर जहर बेचा जा रहा है।लेकिन, सरकार केवल एडवाइजरी जारी करके अपनी जिम्मेदारी से मुक्त होना चाहती है।

बैज ने आरोप लगाते हुए कहा- “नकली, अमानक, गुणवत्ताहीन और फंगस लगी दवाओं का वितरण मरीजों को किया जा रहा है। छोटे बच्चों को दी जाने वाली कृमिनाशक दवाएं, डायरिया पीड़ित मरीजों की दवाओं में फंगस, गर्भवती महिलाओं को दी जाने वाली आयरन और फोलिक एसिड की गोलियां अमानक पाई गई हैं। फफूंद लगे ग्लूकोज की बोतलें मरीजों को चढ़ाई जा रही हैं।”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि केवल अस्थायी रोक लगाने और एडवाइजरी जारी करने से व्यवस्था नहीं सुधर सकती। उन्होंने मांग की कि अमानक दवाओं की खरीद की तत्काल जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।

बैज ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया, “सरकार का फोकस केवल कमीशन की काली कमाई पर है। जिन दवा कंपनियों के उत्पादों पर देश के अन्य राज्यों में प्रतिबंध लगा है, वही दवाएं छत्तीसगढ़ में धड़ल्ले से बेची जा रही हैं।”

उन्होंने सरकार से सवाल किया, “डॉक्टरों की शिकायत के बाद भी सप्लायर कंपनियों पर कोई कार्यवाही क्यों नहीं की गई? आखिर गुणवत्ताहीन दवाओं के सप्लायरों को किसका संरक्षण प्राप्त है?”

Next Post

हमास ने अगर बंधकों को नहीं छोड़ा तो हम जवाबी कार्रवाई करेंगे : ट्रम्प

Wed Oct 15 , 2025
वाशिंगटन, 15 अक्टूबर (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हमास को चेतावनी दी है कि अगर उसने हथियार नहीं हटाए और गाजा पट्टी में रखे सभी 24 बंधकों के अवशेषों को नहीं सौंपा तो उसके खिलाफ जवाबी कार्रवाई की जाएगी। श्री ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा, “मैंने […]

You May Like