यरूशलम, 03 अक्टूबर (वार्ता) इजरायल ने गाजा पट्टी की ओर जा रहे ‘ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला’ के आखिरी समुद्री जहाज को भी राेक लिया है।
अल जजीरा ने बताया कि पोलैंड का मैरिनेट जहाज सुमुद फ्लोटिला का आखिरी जहाज था, जिसे शुक्रवार सुबह इजरायली नौसेना ने गाजा से 43 समुद्री मील दूर रोक लिया।
उल्लेखनीय है कि ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला 44 जहाजों का काफिला है, जो लगभग 40 देशों के 500 से अधिक नागरिक अधिकार कार्यकर्ताओं को लेकर गाजा पट्टी की ओर बढ़ रहा था। इनका उद्देश्य इजरायल द्वारा गाजा की नाकेबंदी को तोड़ना था और गाजा में मानवीय सहायता पहुंचाना था।
इजरायली सेना ने इस बेड़े के जहाजों को रोककर कल कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया था। ‘फ्लोटिला’ के सदस्यों ने गुरुवार को बताया कि इसके कार्यकर्ताओं में शामिल पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग को भी इजरायली सेना ने हिरासत में ले लिया।
इजरायली विदेश मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि इजरायली नौसेना ने कई ग्लोबल सुमुद फ्लोटिला जहाजों को रोका है और उनके यात्रियों को इजरायली बंदरगाह पर ले जाया गया है।

