नयी दिल्ली, 01 अक्टूबर (वार्ता) रिवर ईवी ने उत्तर भारत के बाजार में प्रवेश करते हुए दिल्ली में अपना पहला स्टोर खोला है।
कंपनी ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि कंपनी के स्वामित्व वाला यह स्टोर राजौरी गार्डन में रणनीतिक रूप से स्थित है। इसका कुल क्षेत्रफल 6,300 वर्गफुट है। स्टोर में रिवर ईवी का प्रमुख इलेक्ट्रिक स्कूटर इंडी प्रदर्शित किया गया है, साथ ही विशिष्ट एक्सेसरीज और लाइफस्टाइल मर्चेंडाइज का एक क्यूरेटेड कलेक्शन भी उपलब्ध है।
मार्च 2021 में अरविंद मणि और विपिन जॉर्ज द्वारा स्थापित रिवर एक इलेक्ट्रिक स्कूटर कंपनी है जो डिजाइन और टेक्नोलॉजी पर केंद्रित है। दिल्ली स्टोर के साथ अब कंपनी पूरे देश में 34 स्टोर्स संचालित कर रही है। उनकी मौजूदगी बेंगलुरु, पुणे, चेन्नई, हैदराबाद, कोच्चि, कोयंबटूर, हुबली और पटना जैसे प्रमुख शहरों में हैं। रिवर ईवी के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरविंद मणि ने कहा, “दिल्ली भारत के सबसे गतिशील और प्रभावशाली दोपहिया बाजारों में से एक है, और हमारे लिए यह स्केल और अवसर दोनों का प्रतिनिधित्व करता है। इंडी को पहले ही कई क्षेत्रों में अच्छी स्वीकृति और प्यार मिला है, और हमें विश्वास है कि यह दिल्ली के राइडर्स के साथ भी उतनी ही गहराई से जुड़ पायेगा। हमारा लक्ष्य हमेशा से ऐसे उत्पाद और अनुभव तैयार करना रहा है जो रोजमर्रा की जरूरतों को स्टाइल के साथ जोड़ें।”

