
सीहोर/बुधनी 30 सितंबर. लगभग 48 घंटे बाद नर्मदा नदी ने एक और शव उगला. यह शव रविवार को बुधनी घाट से बहे दो युवकों में से एक का था, जबकि दूसरे की तलाश अब भी जारी है. इसके अलावा नर्मदा नदी के ही ग्वाडिय़ा घाट से भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है, जबकि इछावर तहसील के ग्राम सुआखेड़ा के तालाब से भी पुलिस ने एक बुजुर्ग का शव बरामद किया है.
जिले के नदी- तालाबों में डूबने की संख्याओं में लगातार इजाफा बना हुआ है. बीते छह माह में ही आठ से अधिक मौतें केवल नर्मदा नदी में डूबने से हुई हैं. हाल ही में रविवार को जिले के बुधनी घाट से दीवानगंज निवासी दो युवक तेज बहाव में बह गए थे. रविवार से दोनों युवकों की तलाश में एसडीआरएफ द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा था. तीसरे दिन बुधनी घाट से लगभग 39 किलोमीटर दूर आंवलीघाट के समीप एक युवक का शव बरामद किया गया है. उसकी पहचान योगेश साहू के रूप में की गई है. गौरतलब है कि रविवार को दीवानगंज निवासी तीन युवक नीतेश साहू, योगेश साहू और तोरण यादव बाइक से देवी दर्शन करने सलकनपुर जा रहे थे. रास्ते में वह बुधनी घाट पर स्नान करने रुके. जब यह तीनों युवक नहा रहे थे तभी तेज बहाव में आने के कारण नीतेश और योगेश बह गए थे, जबकि तोरण यादव को वहां मौजूद लोगों ने सुरक्षित निकाल लिया था. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने और एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. लगातार तलाशी के बाद मंगलवार को बुधनी घाट से 39 किलोमीटर आंवलीघाट से मिला. लगातार पानी में रहने के कारण शव बुरी तरह से गल गया था और जगह- जगह मछलियों द्वारा नोच लिया था. परिजनों ने शव की शिनाख्त योगेश साहू के रूप में की है, जबकि दूसरे युवक नीतेश का पता अब तक नहीं चल सका है. जिसकी तलाश लगातार जारी है.
ग्वाडिय़ा घाट के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
बुधनी. थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ग्वाडिय़ा में मंगलवार को नर्मदा नदी में अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी ग्राम कोटवार द्वारा पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को नदी से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर बुधनी सिबिल अस्पताल लाया गया जहां शव को मर्चुरी में रखवा दिया है. पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष है. शव की शिनाख्त को लेकर बुधनी पुलिस ने इस मामले में आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना दी है. पुलिस सूत्रों की मानें तो शव लगभग आठ से दस दिन पुराना है जो पूरी तरह सढ़- गल गया है.
मवेशी चराने गए बुजुर्ग का शव तालाब में मिला
सोमवार को इछावर तहसील के ग्राम सुआखेड़ा निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग बेरसिंह मवेशियों को चराने जंगल में गए थे. बताया जाता है कि शाम को मवेशी तो घर लौट आए, लेकिन बुजुर्ग नहीं. परिजनों ने उनकी आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला. मंगलवार की सुबह गांव के कुछ युवक तालाब के पास से गुजर रहे थे तभी उनकी नजर तालाब में तैर रहे बुजुर्ग बेरसिंह के शव पर पड़ी. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मृतक के परिजनों और पुलिस को दी. शव को निकलवाते हुए पुलिस ने पीएम के लिए भेजा है. मामले में पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद और मामले की जांच के उपरांत मौत के कारणों का पता चल सकेगा और उसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना से गांव में शोक का माहौल बना हुआ है.
