
सुसनेर। मंगलवार को समीपस्थ ग्राम उमरिया में एक परिवार मधुमक्खी का शिकार हो गया. इस घटना में एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए. जिनमें 5 बच्चे व 5 पुरुष शामिल हैं. सभी घायलों को पुराना बस स्टैंड स्थित शासकीय सिविल अस्पताल सुसनेर में लाया गया. यहां पर डॉक्टर नीलम जैन के द्वारा सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें वार्ड में भर्ती किया गया है.
घायल भंवरलाल ने बताया कि वे अपने पूरे परिवार के साथ गांव के ही समीप जंगल में स्थित सगस महाराज की पूजा करने के लिए गए थे. वे सभी सगस महाराज के चबुतरे पर साफ-सफाई कर रहे थे कि इस दौरान अचानक मधुमक्खी के झुंड ने उन पर हमला बोल दिया. जिससे उनके परिवार के कुलदीप, वीरेंद्र, संदीप, नरेंद और विराट इन 5 बच्चों के अलावा भवंर रांगोठा, जगदीश, प्रकाश, मोहन व गोविंद रांगोठा घायल हुए हैं. सिविल अस्पताल के चीफ बीएमओ डॉक्टर ब्रजभूषण पाटीदार के अनुसार सभी घायलों का उपचार किया जाकर उन्हें वार्ड में भर्ती किया गया है.
