उज्जैन: धार्मिक नगरी उज्जैन में हर त्योहार अनूठे अंदाज में मनाया जाता है। परंपरा के निर्वहन के तहत मंगलवार को शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर कलेक्टर रोशन सिंह ने चौबीस खंबा माता मंदिर में पूजा-अर्चना की और देवी को मदिरा का भोग लगाया।नगर की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए कलेक्टर द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली यह नगर पूजा मंगलवार को प्रारंभ हुई।
विशेष पूजन के बाद वरिष्ठ अधिकारी हांडी लेकर यात्रा में आगे चले। लगभग 27 किमी लंबी इस नगर यात्रा में ढोल, ध्वज और सतत बहती मदिरा की धार के साथ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी व कोटवारों का दल शामिल हुआ।यह यात्रा कालभैरव, भूखी माता, चामुंडा माता और गढ़कालिका सहित नगर के 40 से अधिक मंदिरों तक पहुंचेगी। हर स्थल पर विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा तथा भगवान को भजिए, पूड़ी, बड़बाकुल का भोग और माता को सोलह श्रृंगार व चुनरी अर्पित की जाएगी।
