मध्य प्रदेश महिला लीग: चंबल घड़ियाल्स ने बुंदेलखंड बुल्स को 8 विकेट से हराया

ग्वालियर। माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम में चल रही मध्यप्रदेश लीग में शुक्रवार का दिन बारिश से आहत रहा। आज महिला टी20 लीग के अंतर्गत चंबल घड़ियाल्स ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए बुंदेलखंड बुल्स को वर्षा से बाधित मैच में वीजेडी पद्धति के तहत 8 विकेट से हराया।

खराब मौसम को देखते हुए बुंदेलखंड बुल्स ने पहले बल्लेबाज़ी का फैसला किया। पारी की शुरुआत करने आईं आयुषी शुक्ला और अनुष्का शर्मा ने समझदारी से रन बनाते हुए कमजोर गेंदों का फायदा उठाया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 13 ओवरों में 93 रन की मजबूत साझेदारी निभाई। अनुष्का ने 37 गेंदों में 46 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि आयुषी शुक्ला 41 गेंदों में 37 रन बनाकर नाबाद रहीं। अनुष्का के आउट होते ही बारिश ने मैच में खलल डाल दिया, अंततः अंपायरों द्वारा बुंदेलखंड की पारी को वहीं समाप्त करना पड़ा।

जिसके बाद वीजेडी पद्धति के तहत चंबल घड़ियाल्स को 7 ओवरों में 72 रन का संशोधित लक्ष्य दिया गया। स्कोर का पीछा करने उतरी चंबल की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कप्तान सौम्या तिवारी आते ही अनुष्का शर्मा का शिकार बन गईं।

हालांकि उसके बाद सलामी बल्लेबाज़ आशना पाटीदार ने 15 गेंदों में तेज़ 29 रन बनाकर टीम को संभाला। फिर जिंसी जॉर्ज और ऋषिता परिहार ने संयम और आक्रामकता के साथ बल्लेबाज़ी करते हुए टीम को जीत दिलाई।

जहां जिंसी जॉर्ज ने 12 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाए, तो वहीं ऋषिता परिहार ने 8 गेंदों में 14 रन की पारी खेली। दोनों ने मिलकर 6.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और टीम को 8 विकेट से जीत दिलाई।

इस जीत से चंबल घड़ियाल्स महिला टीम को टूर्नामेंट में पहले अंक मिले, जबकि बुंदेलखंड बुल्स जिनका पहला मुकाबला रद्द हो गया था, अब भी अपनी पहली जीत की तलाश में है।

महिला लीग के आगामी मुकाबले

– बुंदेलखंड बुल्स बनाम भोपाल वुल्व्स – तारीख निर्धारित नहीं

– चंबल घड़ियाल्स बनाम भोपाल वुल्व्स – 21 जून, सुबह 11:00 बजे

– फाइनल – 24 जून, दोपहर 3:30 बजे

Next Post

3 साल के बच्चे सहित पांच लोगों को हुआ कोरोना

Fri Jun 20 , 2025
ग्वालियर। कॉविड-19 का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार को 10 नमूनों की जांच में पांच मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं जिसमें एक बच्चा तीन वर्ष का है। कुल पांच मरीजों में चार मरीजों की रिपोर्ट गजरा राजा मेडिकल कॉलेज की बायरोलॉजी लैब से मिली है जबकि एक मरीज […]

You May Like