छठ एक वैश्विक उत्सव बन रहा : मोदी

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि छठ पर्व, न सिर्फ देश के अलग अलग हिस्सों में मनाया जाता है बल्कि दुनिया भर में इसकी छटा देखने को मिलती है और आज यह एक वैश्विक उत्सव बन रहा है।

श्री मोदी ने अपने मासिक रेडियो प्रसारण कार्यक्रम मन की बात में कहा ” हमारे पर्व, त्योहार भारत की संस्कृति को जीवंत बनाए रखते हैं। छठ पूजा ऐसा एक पावन पर्व है जो दीवाली के बाद आता है। सूर्य देव को समर्पित यह महापर्व बहुत ही विशेष है। इसमें हम डूबते सूर्य को भी अर्ध्य देते हैं, उनकी आराधना करते हैं। छठ न सिर्फ देश के अलग अलग हिस्सों में मनाई जाती है, बल्कि दुनिया भर में इसकी छटा देखने को मिलती है। आज ये एक वैश्विक उत्सव बन रहा है।

उन्होंने कहा मुझे आपको ये बताते हुए बहुत खुशी है कि भारत सरकार भी ‘छठ पूजा’ को लेकर एक बड़े प्रयास में जुटी है। भारत सरकार छठ महापर्व को यूनेस्को की सांस्कृतिक धरोहर की सूची में शामिल कराने का प्रयास कर रही है। छठ पूजा जब यूनेस्को की सूची में शामिल होगी तो दुनिया के कोने-कोने में लोग इसकी भव्यता और दिव्यता का अनुभव कर पाएंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले भारत सरकार के ऐसे ही प्रयासों से कोलकाता की दुर्गा पूजा भी यूनेस्को की इस सूची का हिस्सा बनी है। हम अपने सांस्कृतिक आयोजनों को ऐसे ही वैश्विक पहचान दिलाएंगे तो दुनिया भी उनके बारे में जानेगी, समझेगी, उनमें शामिल होने के लिए आगे आएगी।

Next Post

महारानी रोड पर मोबाइल कोर्ट की कार्रवाई हटाया कब्जा

Sun Sep 28 , 2025
इंदौर:महारानी रोड पर नगर निगम की मोबाइल कोर्ट ने कार डेकोर की दुकानों पर कार्रवाई की. शहर में स्वच्छता, अतिक्रमण और बिना लाइसेंस व्यापार रोकने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई के दौरान दुकानदारों में हड़कंप मच गया.पुलिस और निगम अधिकारियों के साथ मोबाइल कोर्ट जैसे ही मौके पर […]

You May Like