
नई दिल्ली। भारतीय रेल ने बिहार में सुल्तानगंज से कटोरिया रेल लाइन परियोजना को आगे बढ़ाने का फैसला किया है। 74.8 किलोमीटर लंबी इस लाइन के बनने से भागलपुर, देवघर सहित पूरे देश से आने वाले शिव भक्तों को देवघर तक पहुंचने में आसानी होगी। यह रेल खंड असरगंज, तारापुर और बेलहर से होकर गुजरेगा, जबकि सुल्तानगंज, असरगंज, तारापुर, बेलहर, श्रीनगर, सूयाबथान और कटोरिया में ठहराव की व्यवस्था होगी।
कटोरिया को जंक्शन स्टेशन का दर्जा मिलेगा, जो वर्तमान में बांका से जसीडीह रेल लाइन पर स्थित है। लगभग 1261 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के पूरा होने पर सुल्तानगंज से देवघर की दूरी मौजूदा 131 किलोमीटर से घटकर करीब 101 किलोमीटर रह जाएगी। इससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालुओं की देवघर यात्रा भी अधिक सुगम हो जाएगी।
