नकली खाद का कारोबार: 900 बोरी जब्त, SDM की अगुवाई में छापेमारी; 5 FIR दर्ज

छतरपुर। जिले में नकली खाद का कारोबार लगातार फल-फूल रहा था। किसान बोवनी के समय असली खाद के लिए भटक रहे थे और खाद माफिया उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर नकली व मिट्टी मिली खाद बाजार में ऊँचे दाम पर बेच रहे थे। यह गोरखधंधा फैक्ट्रियों और गोदामों से चल रहा था।

कलेक्टर पार्थ जैसवाल को इसकी जानकारी लगते ही जिलेभर में SDM की अगुवाई में छापेमारी की गई। इस दौरान अलग-अलग इलाकों से 900 से ज्यादा बोरी नकली और अवैध खाद बरामद की गई। प्रशासन ने पाँच अलग-अलग थानों में एफआईआर दर्ज कराई है।

खजुराहो क्षेत्र में 20 बोरी नकली खाद जब्त हुई, जबकि राजनगर के खजवा इलाके में प्रियंका मैन्युअर एंड फर्टिलाइजर के गोदाम से लगभग पाँच लाख रुपये की 400 बोरी डीएपी खाद जब्त की गई। पिछले साल भी इन क्षेत्रों में अवैध खाद भंडारण पकड़ा गया था और 3 एफआईआर दर्ज हुई थीं।

सोरा गाँव के किसान मूलचंद अहिरवार ने कहा कि बोवनी का समय है और खाद की उपलब्धता नहीं होने से किसान धोखाधड़ी का शिकार हो रहे हैं। सरकारी काउंटरों पर खाद नहीं मिल रही, इसी कारण नकली खाद 1600 से 1900 रुपये प्रति बोरी तक बिक रही है। उन्होंने मांग की कि जैसे शराब के ठेके हर गाँव में हैं, वैसे ही खाद की बिक्री केंद्र भी खोले जाने चाहिए।

कलेक्टर बोले जिले में पर्याप्त खाद, किसानों को नहीं होगी दिक्कत

कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने किसानों को आश्वासन दिया कि जिले में पर्याप्त खाद है और जल्द ही हर सोसायटी और मार्कफेड गोदाम के माध्यम से वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में 2763.600 मीट्रिक टन आईपीएल डीएपी खाद हरपालपुर रेलवे स्टेशन पर उतारी गई, जिसमें से 1371 मीट्रिक टन छतरपुर जिले को मिली है।

खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने इस मुद्दे पर कल छतरपुर हुई बैठक में भी कहा कि सरकार और मुख्यमंत्री किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं। खाद की उपलब्धता पर्याप्त है और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Next Post

स्वर्ण पदक मिला,अब दिसंबर में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व

Fri Sep 26 , 2025
मंडला ।मोंटफोर्ट विद्यालय की कक्षा बारहवीं की छात्रा अनुष्का वरकड़े ने शतरंज में अपनी शानदार प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर जिले का गौरव बढ़ाया है।जिला शिक्षा अधिकारी के तत्वावधान में 22 से 26 सितंबर तक आयोजित राज्य […]

You May Like