ग्वालियर: नवरात्र के पावन अवसर पर माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। भक्तजन पैदल यात्रा कर माता के दरबार पहुंच रहे हैं। सिर पर चुनरी, डमरू और ढोल की थाप, हाथों में माता के जयकारे लिखे ध्वज और होंठों पर जय माता दी के स्वर गूंजते दिखाई दे रहे हैं। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह सामाजिक संस्थाएं और स्थानीय लोग भक्तों के लिए पानी, शर्बत, चाय व नाश्ता वितरित कर रहे हैं।
चिकित्सा शिविर भी लगाए गए हैं ताकि किसी श्रद्धालु को असुविधा न हो। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी पूरे उत्साह और भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हैं। भक्तों का कहना है कि माता के दर्शन से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। पैदल चलकर माता के दरबार पहुंचना एक अलग ही अनुभव है। यात्रा के दौरान भक्त भक्ति-गीत गाते हुए माहौल को भक्तिमय बना रहे हैं।
प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
सबसे ज्यादा भीड़ रतनगढ़ माता के दर्शन करने के लिए जा रही है। यात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की टीम भी चौकसी बरत रही हैं। मार्गों पर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। नवरात्र की इस पावन बेला में भक्तों की आस्था और समर्पण देखते ही बनता है। माता के दरबार में घंटों पैदल चलकर पहुँचना श्रद्धालुओं के लिए किसी तपस्या से कम नहीं। कुछ वर्ष पहले रतनगढ़ मंदिर पर भगदड़ में सवा सौ से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी, लिहाजा प्रशासन ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं।
