संविधान प्रदत्त अधिकारों को छीन रही है भाजपा : केजरीवाल

नयी दिल्ली 25 सितंबर (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) पर संविधान द्वारा दिए गए अधिकारों को छीनने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा कि आज लदाख की लड़ाई, कल पूरे देश की लड़ाई बन सकती है।

श्री केजरीवाल ने कहा “आज लद्दाख में जो हो रहा है, वो बेहद चिंताजनक है। हर सच्चे देशभक्त को लद्दाख के लोगों का साथ देना चाहिए। हमने अंग्रेज़ों से इसलिए आज़ादी थोड़ी ली थी कि जनता अंग्रेज़ों की बजाय भाजपा की गुलाम बन जाए?”

उन्होंने कहा “भगत सिंह, चंद्रशेखर आज़ाद जैसे क्रांतिकारियों ने लोकतंत्र के लिए अपना बलिदान दिया था ताकि हर भारतीय को अपनी खुद की सरकार चुनने का अधिकार मिले। लेकिन आज भाजपा सत्ता के नशे में चूर होकर एक के बाद एक राज्यों को केंद्र शासित प्रदेश बना रही है, संविधान द्वारा दिए गए अधिकार छीन रही है।

आप नेता ने कहा “लदाख के लोग क्या माँग रहे हैं? वो सिर्फ़ अपनी वोट का अधिकार, सरकार चुनने का अधिकार माँग रहे हैं। लेकिन भाजपा उनकी आवाज़ दबा रही है।बार बार वादा कर के भी उन्हें वोट का अधिकार नहीं दे रही। लोकतंत्र जनता की आवाज़ है और जब सरकार वही आवाज़ दबाने लगे तो जनता का ये कर्तव्य है कि वह और बुलंद आवाज़ में बोले।”

उन्होंने कहा “देश के लोकतंत्र को बचाना है तो इस तानाशाही के ख़िलाफ़ अब चुप नहीं बैठा जा सकता। आज लद्दाख की लड़ाई, कल पूरे देश की लड़ाई बन सकती है।”

उल्लेखनीय है कि केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर लेह में बुधवार को हिंसक प्रदर्शन हुआ।

 

Next Post

भाजपा ने पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि, कई कार्यक्रम हुए

Thu Sep 25 , 2025
ग्वालियर: भारतीय जनता पार्टी के पितृपुरुष एवं जनसंघ के संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर आज 25 सितंबर को दीनदयाल नगर गेट पर पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण, स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण जैसे कार्यक्रम हुए। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया एवं सांसद भारतसिंह कुशवाह […]

You May Like