मानसून की पहली बारिश ने ही खोली नगर निगम के दावों की पोल

इंदौर: मानसून की पहली ही बारिश ने इंदौर नगर निगम के दावों की पोल खोल दी है. जलभराव, सीवरेज लाइन जाम और जर्जर सड़कों से आम जनता की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं. इस मानसून में कई इलाकों में लोग जलभराव और संक्रमित पानी की समस्या का सामना कर रहे हैं. मानसून के शुरुआती दौर में सामने आई यह गंभीर समस्या शहर के कई हिस्सों में देखी जा रही है.

मूसाखेड़ी स्थित वार्ड क्रमांक 54 के इदरीस नगर गली नंबर-1 में पिछले तीन वर्षों से बदहाल सीवरेज व्यवस्था और जर्जर सड़क क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार यहां करीब 25 वर्ष पहले डाली गई सीवरेज लाइन अब पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. आए दिन लाइन चोक होने से चैंबर उफन पड़ते हैं और सीवरेज का गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है. सड़क पहले से ही बदहाल होने के कारण सीवरेज की गंदगी सड़क के गड्ढों में जमा रहती है, जिससे मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ने के साथ बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है.

बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है, जब सड़क पर बरसाती पानी भरने से सीवरेज का गंदा पानी मिलकर लोगों के लिए आवागमन तक मुश्किल कर देता है. क्षेत्र में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई दिनों तक पानी जमा रहता है. इस समस्या के निराकरण के लिए कई बार आवेदन भी दिए गए, ऑनलाइन कंप्लेंट भी की गई, लेकिन अब तक निराकरण नहीं हो पाया. रहवासियों ने नगर निगम से जल्द स्थायी समाधान की मांग की है. साथ ही समस्या का निराकरण नहीं होने पर उग्र आंदोलन एवं पुतला बहन की चेतावनी दी है.

यह बोले रहवासी…

सड़क पर हमेश गंदा पानी जमा रहता है, जिसमें कीड़े हो रहे हैं, मच्छर-मक्खियों के कारण लोग बीमार भी पढ़ रहे हैं. कई वर्षों से इस समस्या से लोग जूझ रहे हैं.
– मनीष यादव

तीन-चार सालों से समस्या ज्यादा बढ़ गई है, जिम्मेदार अधिकारी केवल आश्वासन देते हैं कि हो जाएगा, पर होता कुछ नहीं. कोई फोन नहीं उठाता, पार्षद के घर या ऑफिस जाओ तो मिलते ही नहीं हैं.
– भूरी चौहान

समस्या को लेकर मेरे अलावा कई लोगों ने ऑनलाइन शिकायत की है, लेकिन निराकरण नहीं हुआ. हमारे नंबर तो ब्लॉक कर दिए गए, बड़ी सीवरेज लाइन और पक्की सड़क बनाकर लोगों की समस्या दूर करना चाहिए.
– छाया चौहान

टेंडर हो गए हैं, बारिश के कारण काम रुका

इदरीस नगर की सड़क और सिवरेज कार्य के लिए टेंडर पास हो चुके हैं. बारिश के कारण काम रुका है. कुछ ही समय पहले जहां ज्यादा समस्या थी, वहां की सड़क बना दी गई हैं. गली नं. 1 की समस्या भी शीघ्र दूर हो जाएगी.
– महेश बसवाल, पार्षद

Next Post

हेमा मालिनी ने फीस को लेकर तोड़ी चुप्पी, कहा- उस दौर में बहुत कम पैसे मिलते थे, लेकिन काम ही सबसे बड़ी कमाई था

Thu Jul 9 , 2026
हेमा मालिनी ने खुलासा किया कि वह कभी बॉलीवुड की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्री नहीं रहीं। उन्होंने कहा कि उस दौर में कलाकारों को बहुत कम मेहनताना मिलता था। हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने अपने फिल्मी करियर और फीस को लेकर बड़ा खुलासा किया है। […]

You May Like

Play sound