भोपाल: भोपाल-सीहोर लोकसभा क्षेत्र में आज सांसद खेल महोत्सव 2025 की शुरुआत हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में इस महोत्सव का शुभारंभ शिवाजी नगर स्थित सुभाष उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय के खेल मैदान में एनसीसी बैंड और राष्ट्रगान के साथ हुआ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आव्हान पर मोबाइल की दुनिया से बाहर निकलकर युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से यह उत्सव पूरे देश में आयोजित किया जा रहा है।
भोपाल, बैरसिया और सीहोर के हजारों युवाओं और छात्र-छात्राओं ने इस आयोजन के लिए उत्साहपूर्वक पंजीयन कराया है। संसदीय क्षेत्र की आठों विधानसभाओं में अब तक 70 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हुए हैं, जिनमें सबसे ज्यादा भोपाल मध्य विधानसभा से हैं।महोत्सव के तहत खेल प्रतियोगिताएं तीन स्तरों ग्राम, ब्लॉक और जिला पर होंगी। इनमें क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, दौड़, एथलेटिक्स, कैरम और नींबू-चम्मच दौड़ सहित कुल 24 खेल शामिल हैं, जिनमें 16 पारंपरिक और 8 आधुनिक खेल रखे गए हैं।
