निगम आयुक्त ने किया सब्जी मंडी खटकहाई बाजार का निरीक्षण

रीवा:निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे द्वारा सब्जी मंडी खटकहाई बाजार का निरीक्षण किया गया. भ्रमण के दौरान आयुक्त ने व्यापारियों को दुकान के बाहर सामान न रखने तथा सडक़ पर अतिक्रमण न करने की समझाइश दी. उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी अपने-अपने दायरे में व्यापार करें, ताकि आवागमन सुगम रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े. निगम आयुक्त ने व्यापारियों को स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि सबकी सहभागिता से ही सबसे स्वच्छ रीवा शहर का सपना साकार होगा एवं नगर निगम स्वच्छता रैंकिंग में अव्वल स्थान प्राप्त करेगा.

इस अवसर पर सब्जी मंडी व्यापारी संघ एवं विंध्य व्यापारी महासंघ द्वारा बड़े डस्टबिन भी दुकानों पर लगाए गए, जिन्हें नगर निगम आयुक्त डॉ. सोनवणे एवं निगम के नेता प्रतिपक्ष दीनानाथ वर्मा द्वारा वितरित किया गया. साथ ही स्वच्छता अभियान चलाते हुए स्वच्छता का संदेश प्रसारित किया गया. इस दौरान विंध्य व्यापारी महासंघ के अध्यक्ष नरेश काली, किराना व्यापारी संघ के अध्यक्ष महेश ठारवानी, पप्पू मंजानी, विनोद पठान सहित अनेक व्यापारीगण उपस्थित रहे.

Next Post

कोई मिला बिना परमिट, तो कहीं मिले ओवरलोड वाहन

Wed Sep 24 , 2025
जबलपुर: परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा को अधिक सुदृढ़ बनाने और मोटरयान अधिनियम का पालन सुनिश्चित करने के लिये लगातार वाहनों की चेकिंग जारी है। जिसमें दूसरे दिन भी 22 वाहनों पर शिकंजा कसते हुए 21 हजार रुपए का जुर्माना वसूला है। आरटीओ जितेंद्र रघुवंशी से मिली जानकारी के अनुसार […]

You May Like