संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र के दौरान भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की मुलाकात ने दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती दी है. यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच कुछ आर्थिक तनाव के बावजूद रणनीतिक साझेदारी की संभावनाएं कहीं अधिक बड़ी और दूरगामी हैं. इस एक घंटे की बातचीत ने न केवल द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊर्जा दी बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता और क्वाड सहयोग को भी केंद्र में रखा. पिछले कुछ महीनों में रिश्तों में हल्का तनाव देखा गया था. रूस से तेल आयात को लेकर अमेरिका की आपत्तियों और ट्रंप प्रशासन द्वारा अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ लगाने से व्यापार जगत में चिंता का माहौल रहा. इसके साथ ही एचबी वन वीज़ा पर 1,00,000 डॉलर का शुल्क भारतीय पेशेवरों के लिए बड़ी चुनौती बनकर सामने आया. लेकिन इन सबके बीच भी यह स्पष्ट है कि भारत और अमेरिका दोनों यह समझते हैं कि मतभेदों को सहयोग में बदलना ही भविष्य की राह है. यही वजह है कि जयशंकर और रुबियो ने बातचीत के दौरान व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, दवाइयों और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर विशेष जोर दिया.
भारत-अमेरिका संबंध आज केवल द्विपक्षीय दायरे में सीमित नहीं हैं. क्वाड के मंच पर दोनों देश हिंद-प्रशांत क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिए सहयोग कर रहे हैं. चीन की आक्रामक नीतियों और वैश्विक आपूर्ति शृंखला की चुनौतियों के बीच भारत और अमेरिका का सहयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और सुरक्षा ढांचे के लिए अपरिहार्य हो चुका है. यही कारण है कि दोनों नेताओं ने नियमित संपर्क और प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर मिलकर आगे बढऩे की सहमति जताई.
व्यापार समझौते की दिशा में भी ठोस कदम उठाए गए हैं. केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल की अमेरिकी अधिकारियों से हुई बैठक ने संकेत दिया कि जल्द ही एक बड़ा व्यापार समझौता अंतिम रूप ले सकता है. दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 191 अरब डॉलर से बढ़ाकर 500 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है. यह न केवल व्यापारिक अवसर बढ़ाएगा बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था की अस्थिरताओं के बीच स्थिरता भी प्रदान करेगा.
एस जयशंकर ने इस दौरे के दौरान केवल अमेरिका ही नहीं, बल्कि यूरोपीय संघ और अन्य साझेदार देशों से भी मुलाकात की. यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास के साथ हुई चर्चा में यूक्रेन संकट, गाजा, ऊर्जा और व्यापार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे केंद्र में रहे. यह भारत की बहुस्तरीय कूटनीति की झलक है, जहां अमेरिका, यूरोप और एशियाई देशों के साथ समानांतर संवाद चलता है.स्पष्ट है कि भारत अब केवल एक क्षेत्रीय शक्ति नहीं, बल्कि वैश्विक विमर्श का केंद्र बन चुका है. अमेरिका के साथ रिश्ते केवल आर्थिक साझेदारी तक सीमित नहीं हैं; यह रक्षा, रणनीति और लोकतांत्रिक मूल्यों की साझा धुरी भी है. चुनौतियां अवश्य हैं—चाहे वह टैरिफ की हो या वीजा नीति की—लेकिन इनसे रिश्तों की दिशा प्रभावित नहीं होगी. आने वाले वर्षों में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग का दायरा और गहराई निश्चित रूप से बढ़ेगी.
भारतीय विदेशमंत्री एस जयशंकर का यह दौरा इस बात का प्रतीक है कि भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर आत्मविश्वास और संतुलन के साथ आगे बढ़ रहा है. 27 सितंबर को जब वे यूएन के मंच से विश्व को संबोधित करेंगे, तब भारत का यह बढ़ा हुआ कद और स्पष्ट दृष्टि एक बार फिर सामने आएगी. आज की दुनिया में भारत-अमेरिका संबंध केवल दोनों देशों के लिए नहीं, बल्कि वैश्विक स्थिरता और समृद्धि के लिए भी निर्णायक हैं.
