सौसर: सौसर थाने में पदस्थ सिपाही हरिप्रसाद यादव द्वारा रामाकोना में एक युवक की कॉलर पकड़कर की गई धक्का मुक्की के विरोध में शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने थाना पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीण सिपाही को तत्काल हटाने एवं उसके खिलाफ कार्यवाही की मांग कर रहे थे.
बताया गया कि सिपाही हरिप्रसाद ने भूषण धुडे नामक युवक को एक पान की दुकान पर बुलाकर उसकी कॉलर पकड़ी तथा गाली गलौच कर धक्का मुक्की की। थाने पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि सिपाही हरिप्रसाद नशे में था तथा आए दिन लोगों को परेशान करते रहता है।
बहरहाल एएसपी नीरज सोनी ने मामले की नजाकत को देखते हुए हरिप्रसाद को लाइन अटैच कर दिया है। नवभारत से चर्चा में श्री सोनी का कहना है पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह कार्यवाही की गई है। उन्होंने बताया कि कोई भी कर्मचारी आम जनता के साथ इस तरह का बर्ताव करेगा तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
