
आलीराजपुर। पर्यावरण दिवस से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक चल रहे विशेष पखवाड़े के तहत जनपद पंचायत आलीराजपुर एवं ग्राम बोरी में जनकल्याण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हजरी बाई खरत मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहीं।
कलेक्टर श्रीमती माथुर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि जिलेभर में आयोजित शिविरों में अब तक लगभग 50 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिन पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित करने, नैतिक शिक्षा देने तथा नशे से दूर रहने की अपील की।
कलेक्टर ने नागरिकों से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में अपने सुझाव शासन को भेजने का आग्रह करते हुए कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर में सुधार का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की।
शिविर में मत्स्य, कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन, लाड़ली लक्ष्मी एवं आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों के पात्र हितग्राहियों को लाभ वितरण किया गया। स्वयं सहायता समूहों को 50 लाख रुपये के चेक भी प्रदान किए गए। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित लगभग 600 आवेदन प्राप्त हुए।
