
भिंड। जिला अस्पताल के आईसीयू वार्ड में चूहे मिलने के मामले में हेल्थ कमिश्नर तरुण राठी ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही को लेकर सिविल सर्जन डॉ. आर.एन. राजोरिया को सस्पेंड कर दिया गया है। मीटिंग में उनके उपस्थित नहीं होने पर यह कठोर फैसला लिया गया। लंबे समय से गैर जिम्मेदारान रवैया अपनाने के चलते यह कार्रवाई हुई है। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
दरअसल, भिंड के जिला अस्पताल में गंदगी, अव्यवस्थाओं और चूहे की धमाचौकड़ी ने पूरे स्वास्थ्य सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। बता दें कि कुछ दिन पहले इंदौर के महाराजा यशवंतराव (एमवाय) अस्पताल में चूहों के कुतरने से दो नवजातों की मौत हो गई थी। इंदौर के इस चूहा कांड में मप्र हाई कोर्ट ने गंभीरता दिखाई। एमपी अस्पताल के इस केस के बाद प्रदेश के जिलों से अस्पतालों में चूहों के आतंक की खबरें आ चुकी हैं। स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया और हेल्थ कमिश्नर तरुण राठी ने लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए भिंड के सिविल सर्जन डॉ. आर.एन. राजोरिया को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि वे स्वास्थ्य विभाग की मीटिंग में भी अनुपस्थित थे और लंबे समय से गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपना रहे थे।
