मुंबई, 23 सितंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को भी गिरावट जारी रही और शुरुआती कारोबार में प्रमुख सूचकांक लाल निशान में चले गये।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 12.60 अंक की गिरावट के साथ 82,147.37 अंक पर खुला। कुछ देर के लिए यह हरे निशान में जरूर गया लेकिन उसके बाद फिर बाजार में बिकवाली तेज हो गयी। खबर लिखे जाते समय सेंसेक्स 118.45 अंक यानी 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,041.52 अंक पर था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 सूचकांक 6.65 अंक की तेजी के साथ 25,209 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह 27.90 अंक यानी 0.11 फीसदी नीचे 25,174.45 अंक पर रहा।
एफएमसीजी, बैंकिंग और रियल्टी सेक्टरों में ज्यादा गिरावट रही जबकि ऑटो, धातु और तेल एवं गैस सेक्टरों के शेयरों में लिवाली का जोर रहा।
सेंसेक्स की कंपनियों में एयरटेल, अल्ट्राटेक सीमेंट, कोटक महिंद्रा बैंक और आईटीसी के शेयर गिरावट में रहे जबकि मारुति सुजूकी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स और बजाज फाइनेंस के शेरों में तेजी देखी गई।
