मुंबई, (वार्ता) टी-सीरीज़ ने मिक्सटेप भक्ति के पहले एपिसोड को प्रस्तुत कर दिया है।
अब तक मिक्सटेप ने लोकप्रिय गीतों को अनोखे मेडली और आत्मीय सहयोगों के ज़रिए नए रूप में पेश किया है, लेकिन इस बार यह पहली बार भक्ति संगीत की दुनिया में कदम रख रही है। मिक्सटेप भक्ति की शुरुआत हो रही है तुलसी कुमार और जया किशोरी के विशेष संगीतमय संगम के साथ। पहला एपिसोड तुलसी कुमार और जया किशोरी की दिव्य जुगलबंदी के साथ है, जिन्होंने पहली बार साथ मिलकर दो लोकप्रिय माता भजनों “आ माँ आ तुझे दिल ने पुकारा” और “प्यारा सजा है तेरा द्वार” को प्रस्तुत किया है।
अपने अनुभव को साझा करते हुए तुलसी कुमार ने कहा,मिक्सटेप भक्ति का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद खास है। मेरा आध्यात्मिक संगीत से जुड़ाव बचपन से ही शुरू हो गया था, जब मैंने अपने पापा की भक्ति के ज़रिए इसकी शक्ति को महसूस किया था और वह एहसास आज तक मेरे साथ है। माँ दुर्गा की भक्ति में गाना हमेशा मेरे दिल को कृतज्ञता और सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। ‘आ माँ आ तुझे दिल ने पुकारा’ और ‘प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी’ वो भजन हैं जिन्हें मैं बचपन से सुनती आई हूँ, और उन्हें गाना मेरे लिए प्रार्थना, समर्पण और गहरे आध्यात्मिक जुड़ाव का अनुभव है।
जया किशोरी ने कहा ,“भक्ति संगीत हमेशा से दिल को सीधे भगवान से जोड़ने का माध्यम रहा है। मिक्सटेप भक्ति के माध्यम से हमने कोशिश की है कि माँ के ये पारंपरिक भजन आज की युवा पीढ़ी तक एक नए अंदाज़ में पहुँचें, बिना उनकी पवित्रता को बदले। मेरे लिए यह सहयोग बहुत ही व्यक्तिगत और आध्यात्मिक यात्रा रही है और मैं दिल से टी-सीरीज़ को धन्यवाद देती हूँ कि उन्होंने मुझे इसका हिस्सा बनने का अवसर दिया।”
तुलसी कुमार और जया किशोरी की आवाज़ों में सजा मिक्सटेप भक्ति का पहला एपिसोड आज से टी-सीरीज़ के यूट्यूब चैनल पर उपलब्ध है।
