बुनियादी उद्योगों की उत्पादन वृद्धि अगस्त में सुधार के साथ 6.3 प्रतिशत रही

नयी दिल्ली, (वार्ता) उत्पादन सूचकांक के आधार पर देश में आठ प्रमुख उद्योगों के उत्पादन में इस वर्ष अगस्त में एक साल पहले के इसी माह की तुलना में 6.3 प्रतिशत (अनंतिम) की वृद्धि दर्ज की गयी।

जुलाई 2025 में आठ प्रमुख उद्योगों की उत्पादन वृद्धि दर 3.7 प्रतिशत और चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-अगस्त अवधि में 2.8 प्रतिशत रही।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा सोमवार को जारी एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अगस्त में इस्पात, कोयला, सीमेंट, उर्वरक, बिजली और पेट्रोलियम रिफाइनरी क्षेत्रों में उत्पादन सालाना आधार पर ऊंचा रहा जबकि कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के उत्पादन में गिरावट रही। इनका देश के कुल औद्योगिक उत्पादन में योगदान लगभग 40.27 प्रतिशत है।

सरकार की रिपोर्ट के अनुसार, इस बार अगस्त में कोयला उत्पादन में 11.4 प्रतिशत प्रतिशत की वृद्धि रही जबकि इस अप्रैल से अगस्त के दौरान उत्पादन सालाना आधार पर 0.7 प्रतिशत कम रहा।

अगस्त में कच्चा तेल उत्पादन सालाना आधार पर 1.2 प्रतिशत और अप्रैल-अगस्त के दौरान 1.7 प्रतिशत कम रहा। प्राकृतिक गैस के उत्पादन में अगस्त माह में 2.2 प्रतिशत और अप्रैल से अगस्त की अवधि में 2.5 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी।

पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पाद अगस्त में सालाना आधार पर 3.0 प्रतिशत ऊंचा रहा जबकि अप्रैल से अगस्त की अवधि में इनका उत्पादन पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 0.4 प्रतिशत बढ़ गया।

उर्वरक उत्पादन में अगस्त में 4.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि चालू वित्त वर्ष की अप्रैल से अगस्त तक की अवधि में उत्पादन सालाना आधार पर 0.8 प्रतिशत कम रहा।

अगस्त में इस्पात उत्पादन 14.2 प्रतिशत बढ़ा जबकि अप्रैल से अगस्त की अवधि में वृद्धि 0.4 प्रतिशत रही।

सीमेंट उत्पादन में इस बार 6.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई जबकि अप्रैल से अगस्त की अवधि का संचयी उत्पादन 8.4 प्रतिशत ऊंचा रहा।

बिजली उत्पादन पिछले साल अगस्त की तुलना में 3.1 प्रतिशत बढ़ा जबकि इस बार अप्रैल से अगस्त का बिजली उत्पादन पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में 0.5 प्रतिशत ऊंचा रहा।

 

Next Post

सुरक्षा का एहसास दिलाने संवेदनशील क्षेत्र में फ्लैग मार्च

Tue Sep 23 , 2025
जबलपुर। नवरात्रि एवं दुर्गोत्सव पर्व पर साम्प्रदायिक सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से ओमती, बेलबाग, कोतवाली, हनुमानताल, गोहलपुर के संवेदनशील क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया गया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि निकाले गये फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम नागरिक अपने आपको सुरक्षित महसूस करें एवं […]

You May Like