
भोपाल: प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता विक्रम चौधरी ने भारतीय राजनीति में अवसरवादी दल-बदल की प्रवृत्ति पर तीखा हमला बोला और इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के लिए शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा भाजपा दल-बदलुओं का यूज़ एंड थ्रो नीति के तहत केवल साधन की तरह उपयोग कर रही हैं।
चौधरी ने कहा, “जिन्होंने पाला बदला है, उनके पास अब कोई विकल्प नहीं बचा। भाजपा ने उनका इस्तेमाल किया और अब उन्हें किनारे कर दिया। उनका मूल्य सिर्फ एक बार था, अब वे कचरे की टोकरी में डाले जाने के लिए मजबूर हैं। वे केवल यह चुन सकते हैं कि किस रंग की डिब्बी में खुद को फेंकना चाहते हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे कदम जनता के विश्वास को तोड़ते हैं और राजनीति को केवल लेन-देन का माध्यम बना देते हैं। चौधरी ने मतदाताओं से अपील की कि इस प्रकार की राजनीति को नकारें और लोकतंत्र की गरिमा की रक्षा करें।
कांग्रेस ने घोषणा की है कि वह इस मुद्दे को हर क्षेत्र में उठाएगी ताकि सिद्धांत और निष्ठा की राजनीति का महत्व स्थापित किया जा सके। चौधरी ने दल-बदल रोकने के लिए सख्त कानूनी सुधारों और ठोस कदमों की तात्कालिक आवश्यकता बताई।
