
भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक के दूसरे दिन ग्वालियर-चंबल और इंदौर संभाग के जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी ने की। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले भी मौजूद रहे।
बैठक में संगठन की मजबूती, आगामी राजनीतिक रणनीति और जनसंपर्क अभियानों पर विस्तृत चर्चा की गई। अपने संबोधन में हरीश चौधरी ने कहा कि संगठन की असली शक्ति कार्यकर्ताओं में निहित है और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने ग्वालियर-चंबल और इंदौर संभाग को कांग्रेस पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनता से सीधा संवाद स्थापित करने के लिए हर स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाएगी।
बैठक में सभी जिला अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। संगठन महामंत्री डॉ. कामले ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी साझा की।
कांग्रेस नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में पार्टी न केवल संगठनात्मक मजबूती पर ध्यान देगी, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष को और तेज करेगी।
