बैंक ऑफ इंडिया फिनशील्ड कॉन्क्लेव में हैकाथॉन विजेता सम्मानित

मुंबई, 22 सितंबर (वार्ता) बैंक ऑफ इंडिया द्वारा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) हैदराबाद के सहयोग से आयोजित फिनशील्ड हैकाथॉन 2025 का ग्रैंड फिनाले बैंक के मुंबई मुख्यालय में सम्पन्न हुआ, जिसमें दो समस्याओं का समाधान पेश करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया गया।
हैकाथॉन में देश के 30 आईआईटी, आईआईआईटी और एनआईटी सहित 661 टीमों ने भाग लिया। बैंक ने दो प्रमुख समस्याओं पर विद्यार्थियों से उनके समाधान आमंत्रित किये थे। फाइनल के लिए 18 टीमों को चुना गया। उद्योग जगत की जूरी ने इनमें से प्रत्येक समस्या के लिए शीर्ष तीन टीमों का चयन किया। विजेताओं को क्रमशः पांच लाख, तीन लाख और दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि और प्रत्येक श्रेणी में एक लाख रुपये का विशेष निर्णायक मंडल पुरस्कार प्रदान किया गया।
पहली समस्या ‘वैकल्पिक डेटा का उपयोग कर क्रेडिट रिस्क मैनेजमेंट मॉडल तैयार करना और डिफॉल्टर की खोज एवं ट्रैकिंग’ थी। दूसरी समस्या ‘मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग में फर्जी रजिस्ट्रेशन/ धोखाधड़ी का पता लगाने के लिए व्यवहार-आधारित यूज़र ऑथेंटिकेशन और पासवर्ड-लेस लॉगिन समाधान’ था।
केंद्र सरकार के वित्तीय सेवा विभाग के सचिव एम. श्री नागराजू ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किये। उन्होंने कहा कि यह हैकाथॉन सार्वजनिक क्षेत्र के पूरे बैंकिंग समुदाय के लिए एक नया मानक स्थापित करता है। इसने विद्यार्थियों को वास्तविक समस्याओं से रू-ब-रू कराया और उन्हें बैंकिंग उद्योग द्वारा ग्राहकों के हितों की रक्षा करने में आने वाली चुनौतियों से अवगत कराया। हैकाथॉन में महिलाओं की भागीदारी 40 प्रतिशत होने की उन्होंने तारीफ की।
कार्यक्रम में संयुक्त सचिव एवं बैंक ऑफ इंडिया बोर्ड में नामित निदेशक मनोज अय्यप्पन, बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजनीश कर्नाटक, आईआईटी हैदराबाद के सहायक प्रोफेसर एवं फिनटेक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इंचार्ज शोभन, बैंक ऑफ इंडिया के सभी कार्यकारी निदेशक, वरिष्ठ प्रबंधन और स्टाफ मौजूद थे।
केंद्रीय वित्तीय सेवा विभाग और इंडियन बैंक एसोसिएशन द्वारा शुरू की गयी सार्वजनिक हैकाथॉन सीरीज 2025 का उद्देश्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में फिनटेक और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करना है। इस पहल के तहत छात्रों, स्टार्टअप्स और प्रोफेशनल्स को बैंकिंग सेक्टर की चुनौतियों के लिए नये समाधान विकसित करने और सहयोग बढ़ाने का अवसर मिलता है। इन हैकाथॉन का उद्देश्य बैंकिंग क्षेत्र के लिए समाधान विकसित करने और फिनटेक और साइबर सुरक्षा में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सहयोग को और विस्तार देना है।

Next Post

मीडियाटेक ने पेश किया नया एसओसी, 5जी स्मार्टफोन की अगली पीढ़ी के लिए किया गया है डिजाइन

Mon Sep 22 , 2025
सिंचू (ताइवान), 22 सितंबर (वार्ता) स्मार्टफोन के लिए सिस्टम ऑन अ चिप (एसओसी) बनाने वाली अग्रणी कंपनी ताइवानी कंपनी मीडियाटेक ने सोमवार को अपने अब तक के सबसे उन्नत मोबाइल प्लेटफॉर्म मीडियाटेक डाइमेंसिटी 9500 पेश करने की घोषणा की। ऑन-डिवाइस एआई, कंसोल-क्लास गेमिंग और बैटरी पावर में नये मानक स्थापित […]

You May Like

Play sound