दतिया: गोराघाट थाना क्षेत्र के ग्राम उचाड़ में सुबह बड़ा हादसा हो गया। गांव का 28 वर्षीय किशुन चतुर्वेदी नहाते समय सिंध नदी के तेज बहाव में बह गया। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे किशुन अपने दोस्तों और चचेरे भाइयों के साथ नदी में नहाने गया था।
नहाते समय अचानक गहराई और तेज बहाव में वह फंस गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी। वह मुंबई में एक निजी शॉपिंग कंपनी में सब इंजीनियर के पद पर काम करता था। उसकी मां रेनू ग्राम पंचायत उचाड़ की सरपंच हैं, जबकि पिता मगेद्र किसान हैं। किशुन शुक्रवार को ही छुट्टी लेकर घर आया था। टीआई रमेश शाक्य ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन कर रही है। हादसे से पूरे गांव और परिवार में गम का माहौल है।
