
नीमच। रेवली देवली शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बच्चों के बीच हुए विवाद में सात छात्रों के निष्कासन के मामले ने समाज में गहरी चिंता पैदा कर दी। शनिवार को गुर्जर समाज जिला अध्यक्ष चंपालाल गुर्जर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाजजन सड़कों पर उतर आए। पहले सिटी थाने पर प्रदर्शन किया, फिर रैली निकालकर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया गया।
समाज ने बताया कि प्राचार्य ने पहले बच्चों और अभिभावकों के बीच समझौता कराया था, लेकिन बाद में दबाव बनाकर सात छात्रों को निष्कासित कर दिया गया। समाज ने चेताया कि यदि निष्कासन आदेश नहीं हटाया गया तो उग्र आंदोलन होंगे।
करीब एक घंटे चले प्रदर्शन और वार्ता के बाद प्रशासन ने पांच छात्रों का निष्कासन तुरंत रद्द कर उन्हें सोमवार से स्कूल में आने की अनुमति दी। शेष दो छात्रों पर दर्ज एफआईआर की जाँच पूरी होने के बाद पढ़ाई का अवसर दिया जाएगा।
प्रदर्शन में अध्यक्ष चंपालाल गुर्जर, देवा गुर्जर, मोहन गुर्जर और अन्य समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। समाज ने प्राचार्य के स्थानांतरण को रोकने और गांव झालरी में हाई सेकंडरी स्कूल की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी। इस घटना ने साबित कर दिया कि संगठित समाज अपनी आवाज़ प्रभावी रूप से प्रशासन तक पहुंचा सकता है।
