न्यायमूर्ति बजंथरी पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश नियुक्त

नयी दिल्ली, 20 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति पवनकुमार भीमप्पा बजंथरी को पदोन्नत कर यहां का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया है।
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय की ओर से शनिवार को एक अधिसूचना जारी कर उनकी नियुक्ति से संबंधित यह घोषणा की गयी।
अधिसूचना में कहा, “राष्ट्रपति भारत के संविधान के अनुच्छेद 217 के खंड (1) द्वारा प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री पवनकुमार भीमप्पा बजंथरी को उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करते हैं।”
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने न्यायामूर्ति बजंथरी को मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की जानकारी अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर साझा की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “राष्ट्रपति भारत के संविधान द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए और भारत के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श से, पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति पवनकुमार भीमप्पा बजंथरी को उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करते हैं।”
उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति बजंथरी को 11 सितंबर को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की सिफारिश की थी।
न्यायमूर्ति बजंथरी ने 1990 में एक अधिवक्ता के रूप में नामांकन कराया। इसके बाद उन्होंने कर्नाटक उच्च न्यायालय तथा विभिन्न न्यायाधिकरणों में वकालत की। वह 1993 और 1994 के दौरान कर्नाटक लोक सेवा आयोग के स्थायी वकील के रूप में भी पेश हुए।
न्यायमूर्ति बजंथरी को एक जनवरी 2015 को कर्नाटक उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। बाद में उनका स्थानांतरण पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय में हुआ, जहाँ उन्होंने 16 मार्च, 2015 को न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।

Next Post

एच-1बी वीजा शुल्क बढ़ने से लुढ़के अमेरिका में सूचीबद्ध भारतीय आईटी कंपनियों के शेयर

Sat Sep 20 , 2025
नयी दिल्ली, 20 सितंबर (वार्ता) अमेरिका द्वारा एच-1बी वीजा की फीस में बेतहाशा बढ़ोतरी से शुक्रवार को अमेरिका में भारतीय आईटी और बैंकिंग कंपनियों के शेयर गिर गये। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एच-1बी वीजा का शुल्क बढ़ाकर एक लाख डॉलर करने संबंधी आदेश पर हस्ताक्षर किये। उस […]

You May Like