अबू धाबी 19 सितंबर (वार्ता) मोहम्म्द नबी (60) की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी के दम अफगानिस्तान ने गुरुवार को एशिया कप के 11वें मुकाबले में श्रीलंका को जीत के लिए 170 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही और उसने तीसरे ही ओवर में 26 के स्कोर पर अपना पहला विकेट रहमानउल्लाह गुरबाज (14) के रूप में गंवा दिया। उन्हें नुवान तुषारा ने आउट किया। इसके बाद श्रीलंकाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे अफगानिस्तान के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। अगले ही ओवर में तुषारा ने करीम जनत (एक) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। छठें ओवर में तुषारा ने सेदिकुल्लाह अटल (18) को भी बोल्ड कर दिया। डरविश रसूली (नौ), अजमतउल्लाह ओमरजई (छह) रन बनाकर आउट हुये। 13वें ओवर में इब्राहिम जदरान (24) को दुनिथ वेल्लालगे ने आउट किया। तुषारा ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान राशिद खान (24) का शिकार कर अफगानिस्तान के बड़े स्कोर की उम्मीद को झटका दिया। लेकिन इसके मोहम्मद नबी ने नूर अहमद के साथ 18 गेंदों में 55 रनों की साझेदारी कर अफगानिस्तान का स्कोर आठ विकेट पर 169 पहुंचा दिया। मोहम्मद नबी ने 22 गेंदों में छह छक्के और तीन चौके लगाते हुए 60 रनों की पारी खेली। वह पारी की आखिरी गेंद पर रनआउट हुये। नूर अहमद छह रन बनाकर नाबाद रहे।
श्रीलंका के लिए नुवान तुषारा ने चार ओवर में 18 रन देकर चार विकेट लिये। दुश्मांता चमीरा, दुनिथ वेल्लालगे और दसून शानका ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

