सीहोर। शासकीय कन्या महाविद्यालय सीहोर में जिला स्तरीय महिला बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ. कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी प्राचार्य डॉ. मंजरी अग्निहोत्री ने खिलाड़ी छात्राओं, कोच और मैनेजर का स्वागत कर की. उन्होंने छात्राओं को मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास के महत्व पर प्रेरित किया.
प्रतियोगिता में जिले के छह महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया. पहला मैच आष्टा कॉलेज और जवाहर नगर कॉलेज के बीच हुआ, जिसमें जवाहर नगर कॉलेज ने 2-0 से जीत दर्ज की. दूसरा मुकाबला शासकीय महाविद्यालय भैरूंदा और राय साहब भंवर सिंह महाविद्यालय भैरूंदा के बीच खेला गया, जिसमें राय साहब भंवर सिंह कॉलेज 2-1 से विजयी रहा.
सेमीफाइनल में शासकीय कन्या महाविद्यालय सीहोर ने राय साहब भंवर सिंह कॉलेज को हराकर फाइनल में जगह बनाई. खिताबी मुकाबले में सीहोर गर्ल्स कॉलेज ने जवाहर नगर कॉलेज को पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की. प्रतियोगिता के अंतर्गत चार खिलाड़ियों का चयन जिला स्तरीय टीम के लिए किया गया है, जो 25 सितंबर को नर्मदापुरम स्थित शासकीय गृह विज्ञान महाविद्यालय में होने वाली संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी.
