अफगानिस्तान को छह विकेट से हराकर श्रीलंका सुपर चार में

अबू धाबी (वार्ता) नुवान तुषारा (चार विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद कुसल मेंडिस (नाबाद 74 ) की शानदार अर्धशतकीय पारी के दम पर श्रीलंका ने गुरुवार को एशिया कप के 11वें मुकाबले में अफगानिस्तान को आठ गेंदे शेष रहते छह विकेट से हरा दिया है। इसी के साथ श्रीलंका ने सुपर चार में जगह बना ली है।

170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज पुथम निसंका (छह) का विकेट गंवा दिया। उन्हें ओमरजई ने आउट किया। इसके बाद कामिल मिशारा (चार) को मोहम्मद नबी ने अपना शिकार बना लिया। ऐसे संकट के समय कुसल परेरा ने कुसल मेंडिस के साथ तीसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। 12वें ओवर में मुजीब कुसल परेरा (28) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 16वें ओवर में नूर अहमद ने कप्तान चरित असलंका (17) को आउटकर अफगानिस्तान को चौथी सफलता दिलाई। इसके बाद कुसल मेंडिस और कामेंडु मेंडिस की जोड़ी ने संभल कर खेलते हुए तेजी के साथ रन बटोरे। श्रीलंका ने 18.4 ओवर में चार विकेट पर 171 रन बनाकर छह विकेट से मुकाबला जीत लिया। कुसल मेंडिस 52 गेंदों में 10 चौकों की मदद से नाबाद 74 रनों की मैच विजयी पारी खेली। कामेंडु मेंडिस ने 13 गेंदों में दो छक्कों की मदद से नाबाद 26 रन बनाये।

अफगानिस्तान के लिए मुजबी उर रहमान, अजमतउल्लाह ओमरजई, नूर अहमद और मोहम्मद नबी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

इससे पहले आज यहां अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही और उसने तीसरे ही ओवर में 26 के स्कोर पर अपना पहला विकेट रहमानउल्लाह गुरबाज (14) के रूप में गंवा दिया। उन्हें नुवान तुषारा ने आउट किया। इसके बाद श्रीलंकाई गेंदबाजी आक्रमण के आगे अफगानिस्तान के विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे। अगले ही ओवर में तुषारा ने करीम जनत (एक) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। छठें ओवर में तुषारा ने सेदिकुल्लाह अटल (18) को भी बोल्ड कर दिया। डरविश रसूली (नौ), अजमतउल्लाह ओमरजई (छह) रन बनाकर आउट हुये। 13वें ओवर में इब्राहिम जदरान (24) को दुनिथ वेल्लालगे ने आउट किया। तुषारा ने 18वें ओवर की पहली गेंद पर कप्तान राशिद खान (24) का शिकार कर अफगानिस्तान के बड़े स्कोर की उम्मीद को झटका दिया। लेकिन इसके मोहम्मद नबी ने नूर अहमद के साथ 18 गेंदों में 55 रनों की साझेदारी कर अफगानिस्तान का स्कोर आठ विकेट पर 169 पहुंचा दिया। मोहम्मद नबी ने 22 गेंदों में छह छक्के और तीन चौके लगाते हुए 60 रनों की पारी खेली। वह पारी की आखिरी गेंद पर रनआउट हुये। नूर अहमद छह रन बनाकर नाबाद रहे।

श्रीलंका के लिए नुवान तुषारा ने चार ओवर में 18 रन देकर चार विकेट लिये। दुश्मांता चमीरा, दुनिथ वेल्लालगे और दसून शानका ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

रेडर नहीं चले तो पुनेरी पल्टन के डिफेंस ने दिखाया दम, यू मुंबा को 18 अंक से हराया

Fri Sep 19 , 2025
जयपुर, (वार्ता) प्रो कबड्डी लीग के 12वें सीजन के 40वें मुकाबले में गुरुवार को यू मुंबा के खिलाफ पुनेरी पल्टन के रेडर नहीं चले लेकिन डिफेंस ने अपनी भूमिका के साथ न्याय करते हुए अपनी टीम को 40-22 के अंतर से जीत दिला दी। पल्टन की आठ मैचों में यह […]

You May Like