
शिवपुरी। करैरा अनुविभाग के अमोल क्षेत्र स्थित रेत-गिट्टी क्रेशर प्लांट पर दर्दनाक हादसा हुआ। यहां काम करते वक्त पारागढ़ निवासी 27 वर्षीय धीरज आदिवासी का हाथ मशीन में फंस गया और पूरा हाथ कंधे तक उखड़ गया। मशीन की सफाई के दौरान बिना जांच किए मशीन चालू कर दी गई। मशीन चालू होते ही धीरज का हाथ उसमें फंस गया और पूरा हाथ कंधे तक कट गया। हादसे के बाद साथी मजदूरों ने तुरंत मशीन बंद कर धीरज को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत होने के कारण उसे आगे के इलाज के लिए रेफर किया गया है। पुलिस और संबंधित विभाग क्रेशर पर हुए इस हादसे की जानकारी जुटा रहे हैं।
