
भोपाल। राजधानी के जुमेरती इलाके के दुकानदारों ने आज विशेष पहल करते हुए ग्राहकों को स्वदेशी सामान खरीदने और अपनाने के लिए प्रेरित किया। दुकानों पर गर्व से कहो, हम स्वदेशी हैं और स्वदेशी ही खरीदेंगे, स्वदेशी ही बेचेंगे जैसे नारों के साथ लोगों को स्थानीय उत्पादों की ओर आकर्षित किया गया।
इस अवसर पर विवेक साहू और अन्य व्यापारियों ने बताया कि बाजार में स्वदेशी वस्तुएं न केवल किफायती हैं बल्कि हमारे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का भी काम करती हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी उत्पादों पर निर्भरता घटाकर ही आत्मनिर्भर भारत का सपना पूरा किया जा सकता है।
स्थानीय ग्राहकों ने भी दुकानदारों की इस पहल की सराहना करते हुए स्वदेशी उत्पादों की खरीद में रुचि दिखाई। दुकानदारों का मानना है कि यदि हर नागरिक स्वदेशी को अपनाएगा तो देश की आर्थिक स्थिति और भी मजबूत होगी।
