रीवा: मऊगंज जिले के ग्राम जड़कुड़ में “आपका आईजी आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस मौके पर रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) गौरव राजपूत ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उन्हें नशे के कारोबार और साइबर अपराध के खिलाफ जागरूक किया।नशे के कारोबार के खिलाफ मिलकर लड़ने की अपील
शासकीय हाई स्कूल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे। आईजी गौरव राजपूत ने कहा कि मेडिकल नशे का चलन गांव-गांव तक फैल चुका है, जो बेहद घातक है। उन्होंने कहा कि—“6 महीने से 1 साल तक लगातार कोरेक्स, फैंसीडिल जैसे नशे करने से शरीर के सभी अंग धीरे-धीरे फेल हो जाते हैं। यह सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, पूरे समाज की लड़ाई है।”
उन्होंने बताया कि अगर कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है, तो उसकी सूचना मोबाइल नंबर 9479997336 पर दी जा सकती है।“आपका नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, और सही जानकारी देने वाले को इनाम भी दिया जाएगा।”
साइबर ठगी से रहें सतर्क, निजी जानकारी न करें साझा
आईजी ने ग्रामीणों को साइबर क्राइम के नए तरीकों से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि आजकल लोग मोबाइल पर झांसा देकर पैन कार्ड, पासवर्ड, एटीएम डिटेल्स लेकर ठगी कर रहे हैं।अगर कोई अनजान कॉल, वीडियो कॉल या फर्जी अधिकारी बनकर संपर्क करे, तो सतर्क रहें। कभी भी ओटीपी, एटीएम पिन या कोई भी निजी जानकारी साझा न करें।”
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर भी फेक प्रोफाइल बनाकर ठगी की जा रही है। यदि कोई साइबर ठगी हो तो तुरंत डायल 100 या नजदीकी थाने में सूचना दें।
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि
आईजी राजपूत ने महिलाओं से कहा “अगर घर या कार्यस्थल पर किसी भी तरह की मानसिक या शारीरिक प्रताड़ना होती है, तो पुलिस को बिना डर सूचित करें। पुलिस हर समय आपके साथ खड़ी है।
