
दमोह.पटेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम शिकारपुरा में गुरुवार की सुबह गोलियों की आवाज से गांव दहल उठा. घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि पंचायत ठेकेदार देवेंद्र सिंह लोधी पिता अर्जुन सिंह, उम्र 45 वर्ष का लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा हुआ है. वहीं, एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में अपनी जान बचाते हुए इधर-उधर भाग रहा था.घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही एसडीओपी हटा प्रशांत सिंह सुमन, पटेरा थाना प्रभारी सरोज ठाकुर, कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की. एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया,जिसने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए.प्रत्यक्षदर्शी जगत सिंह (घायल) ने बताया कि आरोपी मोती सिंह लोधी अचानक आया और पहले उसके साथ मारपीट की. फिर ठेकेदार देवेंद्र सिंह के सीने पर बंदूक रखकर गोली मार दी.जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
मृतक के परिजनों के अनुसार, यह विवाद पंचायत चुनाव से जुड़ा हुआ था.आरोपी मोती सिंह चुनाव में हार गया था जबकि मृतक के बड़े भाई चुनाव जीते थे.तभी से आरोपी रंजिश पाले हुए था और कई बार घर आकर धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की मांग करता था. इसी विवाद को लेकर गुरुवार की सुबह उसने दो साथियों के साथ मिलकर देवेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी.पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लॉकअप में बंद कर लिया है. गांव में घटना के बाद से दहशत का माहौल बना हुआ है.
