
छतरपुर। गुरुवार सुबह छतरपुर शहर के नौगांव रोड स्थित खाद वितरण केंद्र पर अव्यवस्था के कारण किसानों का धैर्य टूट गया। सुबह करीब 10:40 बजे केंद्र पर खाद लेने पहुँचे किसानों की भीड़ अचानक बेकाबू हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ी कि किसानों ने नौगांव रोड पर बैठकर जाम लगा दिया। जाम की वजह से हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही ओरछा रोड पुलिस मौके पर पहुँची और मोर्चा संभाला। पुलिस ने किसानों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। इसके बाद टोकन व्यवस्था लागू की गई ताकि सभी किसानों को क्रमवार खाद मिल सके। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल हुआ और स्थिति सामान्य हुई।
नगर पुलिस अधीक्षक अरुण सोनी, थाना प्रभारी दीपक यादव और पुलिस बल की मौजूदगी में किसानों को भरोसा दिलाया गया कि आगे से इस तरह की अव्यवस्था नहीं होगी। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे धैर्य रखें और व्यवस्थाओं में सहयोग करें।
स्थानीय किसानों का कहना है कि बार-बार हो रही अव्यवस्था से उनकी खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। वे चाहते हैं कि प्रशासन स्थायी समाधान निकाले ताकि भविष्य में ऐसी नौबत न आए।
