सिरोंज: वर्षों से लंबित सिरोंज को जिला बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है. नगरपालिका अध्यक्ष मनमोहन साहू के नेतृत्व में पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने मध्यप्रदेश प्रशासनिक इकाई पुनर्गठन आयोग के सदस्य एस.एन. मिश्रा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा.ज्ञापन में कहा गया कि भौगोलिक परिस्थितियों, जनसंख्या घनत्व और प्रशासनिक जरूरतों के आधार पर सिरोंज तहसील को नया जिला बनाया जाना चाहिए.
विदिशा मुख्यालय सिरोंज से 85 किमी दूर है, जबकि लटेरी के अंतिम ग्राम बाजना से दूरी 150 किमी तक है. इस कारण आम नागरिकों को अपनी समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है.सिरोंज को जिला बनाने की मांग नई नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग रही है. समय-समय पर आंदोलन, प्रदर्शन और पदयात्राएं भी की गईं, लेकिन अभी तक यह मांग अधूरी ही रही.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिला बनने से स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा. साथ ही व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.ज्ञापन के साथ आयोग की प्रश्नावली के बिंदुवार जवाब और तथ्यात्मक आंकड़े भी सौंपे गए. इस मौके पर नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज साईनाथ सहित कई पार्षद मौजूद रहे
