सऊदी अरब-पाकिस्तान रणनीतिक रक्षा समझौते पर भारत की नजर: विदेश मंत्रालय

नई दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) भारत ने कहा है कि सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच पारस्परिक रणनीतिक रक्षा समझौते तथा इसके संभावित असर पर उसकी कड़ी नजर है और वह अपने राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस समझौते के संबंध में मीडिया के एक प्रश्न के जवाब में गुरुवार को कहा कि भारत अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता पर इस घटनाक्रम के प्रभावों का अध्ययन करेगा। सरकार राष्ट्रीय हितों की रक्षा और सभी क्षेत्रों में व्यापक राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “ हमने सऊदी अरब और पाकिस्तान के बीच एक रणनीतिक पारस्परिक रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर की खबरें देखी हैं। सरकार को इस बात की जानकारी थी कि यह घटनाक्रम, जो दोनों देशों के बीच एक दीर्घकालिक समझौते को औपचारिक रूप देता है पहले से विचाराधीन था।”
उन्होंने कहा, “ हम अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्रीय और वैश्विक स्थिरता पर इस घटनाक्रम के प्रभावों का अध्ययन करेंगे। सरकार भारत के राष्ट्रीय हितों की रक्षा और सभी क्षेत्रों में व्यापक राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान और सऊदी अरब ने नाटो की तर्ज पर पारस्परिक रक्षा रणनीतिक समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इसमें कहा गया है कि किसी भी एक देश पर हमले को दूसरे के खिलाफ हमले की तरह देखा जाएगा।

Next Post

नाबालिग को कट्टे की नोक पर होटल ले गए युवक, नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर किया गैंगरेप

Thu Sep 18 , 2025
ग्वालियर: नाबालिग को कट्टे की नोक पर अगवा कर गैंगरेप करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. रेप के बाद आरोपियों ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी जिससे डरकर वह कई दिनों तक चुप रही. इसके बाद आरोपी ने जब उसे बार-बार मिलने के लिए बुलाने लगे, […]

You May Like