कटनी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज गुरुवार 18 सितंबर को विकासखंड बड़वारा आ रहें है। उनके कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार शाम कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बड़वारा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया कलेक्टर ने मंच, सेवा पखवाड़ा प्रदर्शनी स्थल और सांदीपनि विद्यालय के कक्षों का जायजा लेकर अधिकारियों को व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने हेलीपैड और सभा स्थल तक के मार्ग का भी निरीक्षण कर पार्किंग, सुरक्षा और अन्य इंतजाम मजबूत बनाने पर जोर दिया।सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत लगने वाली प्रदर्शनी में सभी विभाग समय पर उपस्थित रहें, इसके निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ शिशिर गेमावत, एएसपी डॉ. संतोष डेहेरिया, संयुक्त कलेक्टर जितेंद्र पटेल, एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी, पीडब्ल्यूडी ईई शारदा सिंह और उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
