
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कर्मचारी हड़ताल के नौवें दिन मंगलवार को अपना आपा खो बैठे। विवि के शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के बैनर तले आंदोलन कर रहे कर्मचारियों ने पहले तो पूरे विश्वविद्यालय कैंपस में घूम-घूम नारेबाजी की। इस दौरान कुछ कर्मचारी तो अर्धनग्न अवस्था में कुलगुरु और कुलसचिव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नजर आए। इसके बाद आंदोलित कर्मचारी मुख्य प्रशासनिक भवन में जा पहुंचे। कर्मचारी सीधे आडिट विभाग में घुस गए, यहां कुलगुरु प्रो राजेश वर्मा और कुलसचिव बैठक कर रहे थे। कर्मचारियों के कक्ष में घुसते ही हड़कंप मच गया। आक्रोशित कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। हालत की गंभीरता को समझते हुए कुछ कर्मचारी आगे आए और उन्होंने किसी तरह कुलगुरु और कुलसचिव को अपनी सुरक्षा में बाहर निकाला। इसके बाद भी आक्रोशित कर्मचारियों ने नारेबाजी बंद नहीं की और कुल गुरु कार्यालय तक पीछे पीछे नारेबाजी करते जा पहुंचे। इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि संघ के सदस्यों ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों के एक वर्ग को श्रमसाध्य भत्ते का भुगतान किया जा रहा है, जबकि दूसरे वर्ग को वंचित किया जा रहा है, जो कि किसी भी दृष्टि से न्यायोचित नहीं है। संगठन का कहना है कि जब तक कर्मचारियों और पेंशनर्स की जायज मांगें पूरी नहीं हो जाती, कार्य का बहिष्कार जारी रहेगा। हड़ताल के चलते आज भी विश्वविद्यालय परिसर में बाहर से आये छात्र- छात्राओं को परेशान होकर निराश लौटना पड़ा।
