तेहरान ,16 सितंबर (वार्ता) ईरान, रूस, बेलारूस, चीन, वेनेजुएला और निकारागुआ ने अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) से परमाणु ऊर्जा संयंत्रों पर हमले या इस तरह के किसी खतरे पर प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकेई ने यह घोषणा की। उन्होंने प्रस्ताव का एक स्क्रीनशॉट पोस्ट करते हुये लिखा: “एनपीटी की अखंडता की रक्षा के लिए ईरान ने चीन, रूस, वेनेजुएला, निकारागुआ और बेलारूस के साथ मिलकर “आईएईए सुरक्षा उपायों के तहत परमाणु स्थलों और सुविधाओं पर सभी प्रकार के हमले और हमले की धमकियों पर प्रतिबंध” पर एक मसौदा प्रस्ताव प्रस्तुत किया है।
उन्होंने लिखा ” हमारा मसौदा पुनः पुष्टि करता है, सभी देशों को ‘शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए परमाणु ऊर्जा विकसित करने का अविभाज्य अधिकार’ प्राप्त है और वे ‘किसी भी हमले या हमले की धमकी के विरुद्ध प्रभावी गारंटी के हकदार हैं।’
श्री बाकेई ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से निर्णायक कार्रवाई करने का आग्रह किया और “अराजकता” के के विरुद्ध चेतावनी दी, जो संभवतः जून में अमेरिका और इज़रायल के हमलों का संकेत था।
ईरानी अधिकारी का यह बयान देश के परमाणु कार्यक्रम प्रमुख मोहम्मद इस्लामी द्वारा आईएईए सत्र के दौरान वियना में की गई घोषणा के बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि कोई भी सैन्य अपराध तेहरान के परमाणु कार्यक्रम को बाधित नहीं कर सकता।

