
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (वार्ता) किफायती विमान सेवा कंपनी स्पाइसजेट ने आठ और बोइंग 737 विमानों के लिए लीज समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं जिससे 2025 के विंटर शिड्यूल से पहले उसके बेड़े को और मजबूती मिलेगी।
इसके साथ ही, एयरलाइन के बेड़े में 18 विमानों की वृद्धि की योजना है, जो आगामी त्योहारी और छुट्टियों के मौसम में हवाई यात्रा की बढ़ती मांग को पूरा करने की उसकी प्रतिबद्धता को और पुख्ता करता है। इससे पहले उसने कुल 10 बोइंग 737 विमान वेट लीज पर लेने के दो समझौते किये थे जो अक्टूबर 2025 से बेड़े में शामिल होने वाले हैं।
स्पाइसजेट के मुख्य व्यवसाय अधिकारी देबोजो महर्षि ने कहा, “हमें अपने बेड़े में आठ और बोइंग 737 विमानों को शामिल करने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। ये नये विमान क्षमता विस्तार, निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने और अपने यात्रियों को बेहतर उड़ान अनुभव प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हैं। आगामी त्योहारी और शीतकालीन यात्रा सीजन के साथ ये विमान हमें प्रमुख मार्गों पर उड़ानों की संख्या बढ़ाने और बढ़ती यात्री मांग को पूरा करने में मदद करेंगे।”
