
नयी दिल्ली, 15 सितंबर (वार्ता) अमेजन इंडिया और भारतीय सेना के अंतर्गत स्थापित आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गेनाईज़ेशन (एडब्ल्यूपीओ) ने पूर्व सैनिकों, उनके जीवन साथियों और वीरांगनाओं के लिए कंपनी में करियर के अवसर प्रदान करने के लिए एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं।
इस समझौते के अंतर्गत अमेजन इंडिया पूर्व सैनिकों, उनके जीवन साथियों और वीरांगनाओं पर केंद्रित संबंधित नौकरियों और नियुक्तियों का विवरण एडब्लूपीओ के साथ साझा करेगी, ताकि उन्हें रोजगार के अवसर मिल सके। कंपनी वेबिनार और कार्यशालाओं के साथ जागरुकता सत्र भी आयोजित करेगी।
भारत, जापान और उभरती अर्थव्यवस्था वाले देशों के लिए अमेजन स्टोर्स की उपाध्यक्ष दीप्ति वर्मा ने कहा, “हम जानते हैं कि पूर्व सैनिकों और उनके जीवन साथियों में नेतृत्व के गुण होते हैं। आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गेनाईज़ेशन के साथ यह साझेदारी पूर्व सैनिकों, सैनिकों के जीवन साथियों और वीरांगनाओं को सहयोग प्रदान करने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे उन्हें करियर के सार्थक अवसर उपलब्ध होंगे, जो उनके कौशल और अनुभव के अनुरूप होंगे।”
आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गेनाईज़ेशन के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल (से.नि.) अजय सिंह चौहान ने कहा, “एडब्लूपीओ सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए समर्पित है। अमेजन इंडिया के साथ हमारा सहयोग सैनिकों, उनके जीवन साथियों और वीरांगनाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के हमारे मिशन को मजबूती प्रदान करेगा। यह साझेदारी उन्हें आगे बढ़ने तथा कॉर्पोरेट पदों पर काम करने का मार्ग प्रदान करेगी, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगे और उनके कल्याण में वृद्धि होगी।”
