बैंक ऑफ इंडिया ने पूरे किये 120 साल

मुंबई, 15 सितंबर (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया ने सोमवार को अपना 120वां स्थापना दिवस मनाया।
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बीकेसी स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित भव्य समारोह में कर्मचारियों, हितधारकों और साझेदारों ने बैंक की विरासत को याद किया।
बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजनीश कर्नाटक ने कहा कि 120 साल से बैंक ऑफ इंडिया केवल एक वित्तीय संस्था नहीं रहा, बल्कि देश की विकास गाथा का साझेदार रहा है। उन्होंने कहा, ”भविष्य में हमारा ध्यान स्पष्ट है – डिजिटल बैंकिंग में अग्रणी बनना, समावेशी विकास को बढ़ावा देना और किसानों, गिग वर्कर्स से लेकर कॉरपोरेट और उपेक्षित वर्गों तक समाज के हर हिस्से के लिए नवाचार करना।”
समारोह में अगली पीढ़ी के ऐसे बैंकिंग समाधानों का अनावरण किया गया, जिनका उद्देश्य देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था और वित्तीय समावेशन को और सशक्त करना है। बैंक ने ब्रेल डेबिट कार्ड पेश कर पहुंच और समावेशन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। वहीं, स्टार व्यापार शक्ति करंट अकाउंट और ओमनी निओ कॉर्पोरेट इंटरनेट बैंकिंग ने यह दिखाया कि बैंक उद्यमियों और कॉरपोरेट्स को सुरक्षित और तकनीक-आधारित समाधान देने के लिए तत्पर है।
बैंक के निदेशक मंडल और वरिष्ठ नेतृत्व की उपस्थिति में जान फाउंडेशन ट्रस्ट और डब्बेवाला रोटी फाउंडेशन को कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत मदद मुहैया करायी गयी। जान फाउंडेशन ट्रस्ट दुर्व्यवहार और तस्करी के पीड़ितों के लिए शेल्टर होम का संचालन करता है। डब्बेवाला रोटी फाउंडेशन मुंबई में भूख मिटाने और भोजन वितरण कार्यक्रमों को मजबूत बनाने के लिए काम करता है।
बैंक ऑफ इंडिया ने एशियन ओपन शॉर्ट-ट्रैक स्पीड स्केटिंग चैम्पियनशिप की पदक विजेता नयना श्री तल्लूरी को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया।

Next Post

घरेलू शेयर बाजारों में मुनाफा वसूली, प्रमुख सूचकांक टूटे

Mon Sep 15 , 2025
मुंबई, 15 सितंबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में सोमवार को दिग्गज और बड़ी कंपनियों में बिकवाली से प्रमुख सूचकांक गिरावट में बंद हुये जबकि मझौली और छोटी कंपनियों में तेजी रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 118.96 अंक (0.15 प्रतिशत) टूटकर 81,785.74 अंक पर बंद हुआ। नेशनल […]

You May Like