सोल, 15 सितंबर (वार्ता) दक्षिण कोरिया ने अफ्रीकी स्वाइन फीवर (एएसएफ) के मामले सामने आने के बाद क्वारंटीन अलर्ट जारी कर दिया है।
गृह मंत्रालय ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। गृह और सुरक्षा मंत्रालय के मुताबिक एएसएफ का मामला रविवार रात ग्योंगगी प्रांत के योनचियोन काउंटी में एक सुअर फार्म में सामने आया। इस साल का यह पांचवा मामला है। इससे पहले जुलाई में भी एक मामला सामने आया था।
क्वारंटीन अधिकारियों ने देश भर में रेड अलर्ट जारी कर दिया है और योनचियोन और आसपास के क्षेत्रों में सुअर फार्मों और संबंधित सुविधाओं की गतिविधियों पर 48 घंटे की रोक लगायी है, जो मंगलवार को स्थानीय समयानुसार रात आठ बजे तक रहेगी।
अधिकारियों ने प्रभावित सूअरों को मार कर दफनाने और योनचियोन सूअर फार्म के आसपास कीटाणुशोधन और उस तक पहुंच को नियंत्रित करने के लिए एक क्वारंटीन टीम भेजी है।
